मुरादाबाद के गोल्डन गेट ग्लोबल स्कूल के पास सड़क किनारे खड़ी 12वीं की छह छात्राओं को तेज रफ्तार कार से टक्कर मारने के तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हादसे के दाैरान एक छात्रा बोनट में फंसकर 50 मीटर तक घिसटती चली गई थी। चीखपुकार मचने पर आसपास के लोगों ने कार चालक को पकड़ लिया था।उसकी निशानदेही के बाद पुलिस ने दो और युवकों को हिरासत में ले लिया। तीनों आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। घायल छात्राओं को विवेकानंद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें सिविल लाइंस के रामगंगा विहार वेवग्रीन निवासी सानवी भंडूला, मानसरोवर कॉलोनी निवासी इशिका सुनेजा, ऋषिका रस्तोगी, परी बंसल, टीडीआई सिटी निवासी पर्ल टंडन और अदिति अग्रवाल शामिल हैं।सभी छात्राएं शिरडी साईं पब्लिक स्कूल में 12वीं में पढ़ती हैं। हादसा शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे हुआ। छात्राएं स्कूल से एडमिट कार्ड लेकर हाईस्ट्रीट जा रही थीं। गोल्डन गेट स्कूल के पास खड़ी थीं, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों ने बताया कि कार की रफ्तार 100 किमी प्रतिघंटा से ज्यादा थी।पुलिस पूछताछ में कार चालक की पहचान शगुन सिंह के रूप में हुई, जो सिविल लाइंस के नवीन नगर का रहने वाला है। उसके पिता दौलत सिंह निजी कंपनी में मैनेजर हैं। कार में शगुन के साथ लक्ष्य बरेजा, उदय कौशिक, यश सिरोही और दिव्यांशु भी थे। पुलिस ने शगुन, लक्ष्य और उदय को हिरासत में लेकर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। एसपी क्राइम सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि शगुन कार चलाना सीख रहा था। इशिका और पर्ल की हालत गंभीर बनी हुई है।
