
मुरादाबाद : प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह, पड़ोसी ने फर्म कर्मी को मारी गोलीलाइनपार एकता कॉलोनी में युवक की गोली मारकर हत्या, आरोपी अमन और राजा फरारमुरादाबाद। मझोला थाना क्षेत्र के लाइन पार एकता कॉलोनी, प्रीतम नगर में बुधवार रात प्रेम प्रसंग के विवाद ने एक युवक की जान ले ली। फर्म में काम करने वाले नेकपाल (23) की सीने में गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अमन और उसका बहनोई राजा मौके से फरार हो गए।जानकारी के अनुसार, आरोपी अमन दो माह पहले नेकपाल की बहन को अपने साथ भगा ले गया था, हालांकि बाद में लड़की को घर वापस छोड़ गया था। इसी घटना के बाद से दोनों परिवारों में तनाव चल रहा था। बुधवार की रात करीब 9 बजे अमन और राजा ने नेकपाल से कहासुनी के बाद उस पर फायर झोंक दिया, जिससे वह मौके पर ही ढेर हो गया। परिजनों के अनुसार, मंगलवार को पूरा परिवार तिगरी गंगा स्नान के लिए गया था और घर पर नेकपाल का मामा पप्पू अकेले थे। इस दौरान अमन और राजा ने पप्पू के साथ मारपीट की थी। जब बुधवार को परिवार लौटा और नेकपाल को घटना की जानकारी हुई, तो वह आरोपियों से सवाल करने पहुंचा। इस पर दोनों भड़क गए और राजा ने तमंचा सटाकर नेकपाल के सीने में गोली मार दी। फायरिंग की आवाज सुनकर मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। घायल नेकपाल को परिजन तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर मझोला थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रेम प्रसंग के चलते शुरू हुआ यह विवाद अब खून में तब्दील हो गया। इलाके में घटना के बाद से तनाव और पुलिस चौकसी बनी हुई है। @dgpup @Uppolice @adgzonebareilly #moradabad




