गढ़मुक्तेश्वर में पुलिस मुठभेड़ गौकशी की फिराक में दो घायल सहित चार बदमाश गिरफ्तार
थाना गढ़मुक्तेश्वर पुलिस की गश्त व चेकिंग के दौरान गौकशी करने का प्रयास कर रहे बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में दो बदमाश घायल हो गए, जबकि कुल चार बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार बदमाश ग्राम पालवाड़ा–बागड़पुर मार्ग पर नेह नीड़ तिराहे के पास चकरोड पर गौकशी की फिराक में मौजूद थे। पुलिस द्वारा रोके जाने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई।
पुलिस की फायरिंग में दो बदमाश घायल हो गए, जिन्हें मौके पर काबू कर लिया गया। वहीं अन्य दो बदमाशों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से एक जीवित प्रतिबंधित पशु, तीन अवैध असलहा मय जिंदा व खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त एक स्कॉर्पियो कार तथा पशु कटान करने के उपकरण बरामद किए गए हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार एवं घायल बदमाशों ने अपना नाम बबलू पुत्र जमील कुरैशी निवासी थांवला थाना बिलारी जनपद मुरादाबाद (घायल), शहजाद पुत्र इरशाद निवासी अजीतपुर थाना सिविल लाइन जनपद रामपुर (घायल), तौफीक पुत्र मोहम्मद वसर उर्फ मुबस्सर अली निवासी मोहल्ला इन्द्री थाना भोट जनपद रामपुर तथा सुरजीत पुत्र भीमसेन निवासी नगला जानी थाना मुडापांडे जनपद मुरादाबाद बताया है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार एवं घायल बदमाश शातिर किस्म के अपराधी हैं, जिनके विरुद्ध विभिन्न जनपदों में गौकशी, हत्या के प्रयास, चोरी, गैंगस्टर एक्ट व आर्म्स एक्ट सहित करीब पांच दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।




