
मुरादाबाद : थाना सिविल लाइंस क्षेत्र में शुक्रवार रात एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। दो युवकों के बीच हो रही मारपीट में बीच-बचाव करने पहुंचे युवक को आरोपी ने चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।मिली जानकारी के अनुसार, कंजरी सराय परशुराम मंदिर निवासी अमर पाल पुत्र लाला राम ने थाना सिविल लाइंस में दी गई तहरीर में बताया कि 27 फरवरी 2026 की रात करीब 9 बजे उनका पुत्र हरिओम कंपनी से काम करके घर लौट रहा था। रास्ते में गाड़ी खाना के पास नावालिक बच्चे अजित उर्फ जीता के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो रहा था।
बताया गया है कि हरिओम दोनों के बीच विवाद शांत कराने के उद्देश्य से बीच-बचाव करने पहुंचा। इसी दौरान अजित उर्फ जीता ने कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से हरिओम की कमर पर धारदार चाकू से वार कर दिया। हमले में हरिओम गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों का आरोप है कि हमला करने के बाद आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया।घायल हरिओम को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार युवक को गहरा जख्म लगा है, हालांकि उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।थाना सिविल लाइंस प्रभारी मनीष सक्सेना का कहना है कि आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर आगे की कार्यवाही की जाएगी।



