
उत्तर प्रदेश के.मुरादाबाद में आगामी होलिका दहन और रंगोत्सव (होली) को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के निर्देशन में जनपद भर में संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।एसएसपी ने बताया कि सभी होलिका दहन स्थलों पर पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या विवाद की स्थिति को तुरंत नियंत्रित किया जा सके। इसके साथ ही रंग खेलने वाले दिन पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में रहेगी और लगातार पेट्रोलिंग कर शांति व्यवस्था बनाए रखेगी।पुलिस अधिकारियों के अनुसार सभी सर्किल के क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी निरीक्षक अपने-अपने क्षेत्रों में फोर्स के साथ लगातार भ्रमणशील रहेंगे। संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि अफवाह फैलाने वालों पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि त्योहार को आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि माहौल खराब करने या कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस का कहना है कि जनपद में शांति बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।



