
मुरादाबाद के थाना नागफनी क्षेत्र स्थित जिगर कॉलोनी में शुक्रवार को गोलियों की आवाज से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पारिवारिक विवाद के चलते हुई इस हिंसक घटना ने सबको स्तब्ध कर दिया। जानकारी के अनुसार, एक साले ने अपने ही जीजा असद को कथित रूप से गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल असद को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।सूत्रों के अनुसार, मृतक असद की बेटी वर्तमान में जिला जज पद पर तैनात हैं, जबकि उनके दामाद भी जिला जज हैं। इस तरह की हत्या की खबर ने न केवल उनके परिवार में बल्कि पूरे न्यायिक और प्रशासनिक हलकों में गहरा आक्रोश और शोक व्याप्त कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हत्या प्रॉपर्टी विवाद के कारण हुई है। परिवार के बीच लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था, जिसकी कई बार बातचीत और समझौते की कोशिशें भी हो चुकी थीं, लेकिन तनाव खत्म नहीं हुआ। शुक्रवार को इसी विवाद को लेकर हुई कहासुनी अचानक हिंसक रूप ले ली, और इसी दौरान आरोपित साले ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली लगते ही असद लहूलुहान होकर गिर पड़े। गोली की आवाज सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंच गए।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी तुरंत पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत नाजुक बताई। कुछ ही देर बाद इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया और परिजन रो-रोकर बुरा हाल हैं। जिगर कॉलोनी में दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है
नगर पुलिस अधीक्षक कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक और प्रॉपर्टी विवाद का मामला सामने आया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई टीमें गठित कर दी हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। कॉल डिटेल, मौके से मिले साक्ष्य और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।इस बीच, न्यायिक महकमे में भी हलचल मच गई है। जिला जज के पिता की हत्या की खबर फैलते ही न्यायिक और प्रशासनिक क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।फिलहाल, पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। जिगर कॉलोनी में एहतियातन पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।



