
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में ठाकुरद्वारा थाना क्षेत्र में एक युवती से दिनदहाड़े रास्ता रोककर छेड़खानी करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार 26 वर्षीय युवती निवासी ग्राम शरीफनगर थाना ठाकुरद्वारा ने आरोप लगाया है कि आरोपी सुमित ने दिन के समय उसका रास्ता रोक लिया और उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। इतना ही नहीं आरोपी ने मोबाइल फोन के जरिए उसे धमकी भरे संदेश भी भेजे।युवती का कहना है कि आरोपी ने खुलेआम उसे तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी जिससे वह काफी दहशत में आ गई। पीड़िता ने घटना की सूचना परिजनों को दी जिसके बाद परिवार के साथ थाने पहुंचकर तहरीर दी गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी सुमित के खिलाफ छेड़छाड़ आपराधिक धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है और आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि किसी भी महिला के साथ इस तरह की घटना बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद से इलाके में चर्चा का माहौल है पुलिस ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और पीड़िता को सुरक्षा का भरोसा दिलाया है।



