
मुरादाबाद : थाना पाकबड़ा क्षेत्र के गांव जेवड़ी में 20 लाख रुपये के लेनदेन को लेकर सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। ठेकेदार विपिन कुमार के 17 वर्षीय पुत्र रुद्राक्ष का कथित रूप से अपहरण कर बेल्टों से बेरहमी से पिटाई की गई और पीछा होते देख आरोपी उसे सड़क पर फेंककर फरार हो गए।पीड़ित पिता विपिन कुमार ने थाना प्रभारी निरीक्षक पाकबड़ा को दी तहरीर में बताया कि 1 मार्च की दोपहर छजलैट क्षेत्र के गांव कोकरपुर निवासी 20 वर्षीय अभय अपने साथियों अजय, विक्रांत, कनिक विश्नोई, आर्यन और पुनीत के साथ उनके घर पहुंचा। आरोप है कि सभी ने मिलकर रुद्राक्ष के साथ गाली-गलौज की और बेल्टों से मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर उसे जबरन कार में डालकर अपने साथ ले गए।
रुद्राक्ष की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी तेज रफ्तार वाहन से फरार हो चुके थे। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए अन्य वाहनों से उनका पीछा किया। खुद को घिरता देख आरोपियों ने रुद्राक्ष को रास्ते में ही सड़क पर फेंक दिया और मौके से भाग निकले। घायल छात्र को परिजन तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है।परिजनों का कहना है कि इस पूरी वारदात के पीछे 20 लाख रुपये का लेनदेन विवाद है। विपिन कुमार के अनुसार, उन्होंने पिछले वर्ष आरोपी पुनीत के परिवार को उधार के रूप में बड़ी रकम दी थी। अब जब वह पैसे वापस मांग रहे हैं, तो टालमटोल के साथ धमकियां दी जा रही थीं। आरोप है कि दबाव बनाने के उद्देश्य से ही उनके बेटे को निशाना बनाया गया।विपिन ने बताया कि बीते सोमवार को उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पुनीत के परिवार के खिलाफ शिकायत भी की थी। शिकायत के कुछ ही दिनों बाद इस वारदात को अंजाम दिया गया, जिससे परिवार को साजिश की आशंका है।
थाना प्रभारी निरीक्षक पाकबड़ा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्य खंगाले जा रहे हैं।घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लेनदेन के विवाद का इस तरह आपराधिक रूप लेना चिंताजनक है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और जल्द गिरफ्तारी कर कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



