
मुरादाबाद पत्रकारिता जगत को बड़ा झटका: वरिष्ठ पत्रकार डॉ. मुस्तकीम का निधन, मीडिया में शोक की लहरमुरादाबाद। शहर के पत्रकारिता जगत के लिए बेहद दुखद खबर सामने आई है। वरिष्ठ पत्रकार डॉ. मुस्तकीम के निधन से पूरे मीडिया जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। अपने मिलनसार स्वभाव, निर्भीक पत्रकारिता और सशक्त सवालों के लिए पहचाने जाने वाले डॉ. मुस्तकीम ने मुरादाबाद की पत्रकारिता को एक अलग पहचान दिलाई थी। डॉ. मुस्तकीम को शहर के पत्रकारिता जगत में एक मजबूत और सिद्धांतवादी आवाज के रूप में जाना जाता था। उन्होंने हमेशा पत्रकारिता को उसी रूप में पेश किया, जैसा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ से अपेक्षित होता है। आज के दौर में जहां पत्रकारिता में कई तरह के उतार-चढ़ाव देखने को मिलते हैं। वहीं डॉ. मुस्तकीम अपने सिद्धांतों पर अटल रहे और निष्पक्ष पत्रकारिता की मिसाल कायम की। बताया जाता है कि कुछ वर्ष पूर्व मानसरोवर पैराडाइज में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विदेशी डॉक्टरों से सवाल-जवाब के समय भी उन्होंने अपनी बेबाक शैली से सभी का ध्यान आकर्षित किया था। उस कार्यक्रम में कई पत्रकार सवाल पूछने में झिझक रहे थे। लेकिन डॉ. मुस्तकीम ने तीखे और सटीक सवालों के जरिए यह साबित कर दिया था कि पीतल नगरी मुरादाबाद की मीडिया भी उतनी ही चमकदार और मजबूत है। उनके निधन से मुरादाबाद के मीडिया जगत ने एक मजबूत स्तंभ खो दिया है। पत्रकारों और शहर के बुद्धिजीवियों ने उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताया है। सभी ने परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके परिवार को इस दुखद घड़ी को सहन करने की शक्ति दें। ॐ शांति



