DUSU Election Result 2025: दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव (DUSU Election 2025) के नतीजे आ चुके हैं। इस बार अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के उम्मीदवार आर्यन मान ने शानदार जीत दर्ज की है और नए DUSU अध्यक्ष बने हैं।
उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी जोसलिन नंदिता चौधरी को हराया।हर साल होने वाले DUSU चुनाव सिर्फ कॉलेज स्तर के चुनाव नहीं होते, बल्कि इन्हें देश की राजनीति की नर्सरी माना जाता है। ऐसे में आर्यन मान की जीत न केवल छात्र राजनीति में बल्कि भविष्य की राजनीति में भी उनके लिए एक मजबूत मंच तैयार करती है। आइए जानते हैं कौन हैं आर्यन मान और उनका अब तक का सफर।4 में से 3 पर ABVP, 1 पर NSUI की जीत
दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ (DUSU) चुनाव 2025 के नतीजे आ चुके हैं और इस बार एबीवीपी (ABVP) के आर्यन मान ने अध्यक्ष पद पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। आर्यन ने 28,841 वोट हासिल किए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी एनएसयूआई (NSUI) की जोश्लिन नंदिता चौधरी को सिर्फ 12,645 वोट मिले। इस तरह आर्यन मान ने 16,196 वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की।वहीं, उपाध्यक्ष पद पर एनएसयूआई के राहुल झांसला ने 8,792 वोटों से जीत दर्ज की।
सचिव पद पर एबीवीपी के कुणाल चौधरी ने 7,662 वोटों से जीत हासिल की।
इसके अलावा, संयुक्त सचिव पद पर भी एबीवीपी की दीपिका झा ने 4,445 वोटों से जीत दर्ज कर अपनी जगह पक्की की।
Who is Aryan Maan- कौन हैं आर्यन मान?
आर्यन मान हरियाणा के बहादुरगढ़ के रहने वाले हैं और राजनीति में उनका जुड़ाव काफी गहरा है। उन्होंने हंसराज कॉलेज से ग्रेजुएशन पूरी की और फिलहाल दिल्ली यूनिवर्सिटी से एमए कर रहे हैं। पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी उनकी रुचि रही है और वे हमेशा से छात्र आंदोलनों में सक्रिय रहे हैं। फीस वृद्धि, हॉस्टल की सुविधाएं और यूनिवर्सिटी में छात्रों के अधिकारों के लिए उन्होंने कई बार नेतृत्व किया।
शराब कारोबार से जुड़ा है परिवार
आर्यन मान एक प्रतिष्ठित व्यापारिक परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता सिकंदर मान, ADS ग्रुप के कार्यकारी निदेशक हैं और शराब कारोबार के बड़े नामों में गिने जाते हैं। वे रॉयल ग्रीन शराब ब्रांड से जुड़े हुए हैं। यही नहीं, उनके भाई विराट मान भी व्यवसायिक क्षेत्र में सक्रिय हैं। वे ADS ग्रुप और रोको ब्रांड के कार्यकारी निदेशक हैं और भाई की चुनावी कैंपेन में पूरी ताकत से उनके साथ खड़े रहे।
बॉलीवुड सेलिब्रिटी ने किया प्रचार
इस बार के DUSU चुनाव में आर्यन मान को बड़ा फायदा बॉलीवुड और मनोरंजन जगत से मिले समर्थन का भी हुआ। संजय दत्त ने एक वीडियो संदेश जारी कर छात्रों से उन्हें वोट देने की अपील की थी। इसके अलावा रणदीप हुड्डा, विंदू दारा सिंह, सांसद मनोज तिवारी और कई हरियाणवी सिंगर्स ने भी खुलकर आर्यन मान का समर्थन किया। इससे उनकी लोकप्रियता और बढ़ गई और उन्हें चुनावी मुकाबले में बढ़त दिलाने में अहम योगदान मिला।




